logo

नहीं रहे रांची के शिक्षाविद और जेवीएम श्यामली के पूर्व प्रिंसिपल राम इकबाल सिंह

dav.jpeg

रांची 
झारखंड, रांची के जानेमाने शिक्षाविद और जेवीएम श्यामली के पूर्व प्रिंसिपल राम इकबाल सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने आज राजधानी के ऑर्किड अस्पताल में अंतिम सांस ली। सिंह बिहार के सीतामढी के मूल निवासी थे। उन्होंने जेवीएम श्यामली से पहले विकास विद्यालय में भी अध्यापन कार्य किया था। इसके बाद उनकी खूंटी कॉलेज में नियुक्ति हुई। खूंटी कॉलेज में अध्यापन के बाद वे दशकों रांची के डीएवी श्यामली में प्रिंसिपल के पद पर काम करते रहे। ये उनके अथक परिश्रम का ही नतीजा था कि उनके कार्यकाल के कुछ ही महीनों में डीएवी श्यामली को रांची के बेस्ट स्कूल का दर्जा हासिल हुआ। उनके कार्यकाल में कई शैक्षणिक क्षेत्रों में डीएवी श्यामली स्कूल शिखर पर रहा।

इन स्कूलों में अध्यापन कार्य किया 

2001 में वे रिटायर हो गये थे। हालांकि रिटायरमेंट से पहले वे ब्रिजफोर्ड स्कूल में प्रिंसिपल और फिऱ डायरेक्टर के पद पर रहे। ब्रिजफोर्ड स्कूल को भी सम्मानित दर्जा दिलाने औऱ छात्रों के बीच इसे लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई। ब्रिजफोर्ड स्कूल के बाद उन्होंने जेके इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी निभाई। जेके इंटरनेशनल स्कूल में रहते हुए उनको स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। इस कारण वे पिछले कई महीनों से अपने आवास पर ही विश्राम कर रहे थे। सिंह अपने आप में शिक्षा जगत के लिए एक संस्थान माने जाते थे। 

मधुबनी के जिला स्कूल में भी पढाया 

राम इकबाल सिंह ने अपने जीवन के लंबे करियर की शुरुआत बिहार, मधुबनी के सरकारी हाई स्कूल से की थी। वे मधुबनी जिले के खिरहर हाई स्कूल में शिक्षक थे। हजारों छात्रों और अभिभावकों ने उनके निधन पर शोक जताया है। उनके छात्र दुनिया के अलग-अलग देशों में महत्वपूर्ण पदों पर विराजमान हैं। बताया जाता है कि वे बेहद अनुशासित जीवन जीते थे। फिर भी लंबे समय से कुछ आंतरिक रोगों से जूझ रहे थे।